औरंगाबाद (बिहार): औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र से रिश्तों और भरोसे से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहित महिला अपने पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी। लेकिन जिस व्यक्ति के साथ उसने नई जिंदगी शुरू करने का सपना देखा था, वही उसे गोह बाजार में अकेला छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद महिला सीधे गोह थाना पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामला रविवार का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला गोह थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। महिला की इच्छा पर पुलिस उसे उसके प्रेमी के घर लेकर पहुंची, लेकिन वहां घर पर ताला लटका मिला। काफी तलाश के बावजूद प्रेमी का कोई सुराग नहीं मिला।
प्रेमी का घर भी उसी गांव में, ससुराल लौटने से किया इनकार
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि संयोग से महिला का ससुराल और उसके प्रेमी का घर एक ही गांव में है। पुलिस ने महिला को ससुराल जाकर रहने की सलाह दी, लेकिन उसने साफ तौर पर वहां जाने से इनकार कर दिया।
महिला की एक संतान भी है, जो फिलहाल अपने ननिहाल में रह रही है। पुलिस ने महिला की पारिवारिक स्थिति को देखते हुए उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास शुरू किया।
मायके वालों ने भी साथ रखने से जताई असमर्थता
जानकारी के अनुसार महिला का मायका हसपुरा में है। पुलिस ने महिला के मायके वालों से संपर्क कर उसे अपने साथ रखने का आग्रह किया, लेकिन परिजनों ने भी उसे अपने साथ रखने में असमर्थता जताई।
इसके बावजूद महिला अपने प्रेमी के साथ ही रहने की बात पर अड़ी रही। प्रेमी के फरार हो जाने के बाद भी वह उसी के पास जाने की जिद करती रही, जिससे पुलिस के सामने स्थिति और जटिल हो गई।
कानूनी कार्रवाई से भी किया इनकार
पुलिस का कहना है कि महिला ने इस पूरे मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है। उसने घटना के संबंध में कोई लिखित आवेदन भी नहीं दिया।
आवेदन नहीं मिलने के कारण पुलिस के पास औपचारिक कार्रवाई करने का आधार नहीं है। ऐसे में फिलहाल पुलिस महिला के परिजनों से लगातार संपर्क कर उसे सुरक्षित उसके मायके भेजने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
गोह थाना के थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि महिला की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। चूंकि उसने न तो कोई शिकायत दर्ज कराई है और न ही कानूनी कार्रवाई की इच्छा जताई है, इसलिए पुलिस फिलहाल उसे सुरक्षित उसके परिजनों के पास भेजने की कोशिश कर रही है। यदि भविष्य में महिला लिखित शिकायत देती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।